बच्चों के भविष्य की चिंता छोड़ रुपए लेकर एनडीए को दे डाले वोट
जनसूराज की वजह से सरकार ने पेंशन राशि बढ़ाई एवं फ्री बिजली दे रही
मोतिहारी, राजन द्विवेदी। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर आज बिहार नव निर्माण यात्रा के तीसरे दिन मोतिहारी पहुंचे और संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं एवं जिले के पार्टी पदाधिकारियों संग विमर्श किया। कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव जीत का लक्ष्य नहीं है। समाज को सुधारने के लिए लोगों में जागरूकता लाना मेरे लिए सर्वोपरि है।
चुनाव में जितने लोग मेरे साथ सेल्फी लेते रहें,वे सभी अगर वोट दिए होते तो जनसुराज की सरकार होती। लेकिन, जनसुराज के प्रयास से बिहार में लोकतंत्र ताकतवर हुआ है। जिसके कारण ग्यारह सौ रुपए पेंशन, बिजली 125 यूनीट फ्री में मिलने लगी। सरकार औद्योगिक विकास की बातें करने लगी है।
अगर हमारी व्यवस्था बनती तो दस हजार रुपए पेंशन मिलता। लेकिन बिहार के लोगों को दस हजार रुपए मिले तो अपने बच्चों के भविष्य की चिंता छोड़ पैसे पर वोट एनडीए को वोट दे दिए। आज फिर से उनके बच्चे अन्य राज्यों में मजदूरी करते हुए हथौड़े चला रहे है। समाज को इसकी फिक्र नहीं है। बताया कि देश में कई वैसी पार्टी नहीं जिसे 18-20 वर्ष के संघर्ष से कम में सफलता मिली हो।
मैंने भी अपनी पार्टी की जीत का लक्ष्य नहीं रखा है। हमारे पार्टी के जिस कार्यकर्ताओं को संगठन को संगठित रखने में भरोसा है, वे साथ रहें। अगर कोई निराश हो इधर उधर भटकना चाहते तो मैं नहीं रोक सकता।
मौके पर पार्टी के प्रदेश स्तरीय नेता किशोर कुमार मुन्ना, प्रदेश प्रवक्ता, संजय ठाकुर, मोतिहारी के पूर्व प्रत्याशी डॉ अतुल कुमार, रविश कुमार मिश्रा, नगर अध्यक्ष अजय कुमार आजाद एवं अरूण तिवारी समेत कई वरिष्ठ पार्टी नेता मौजूद थे।
