Bihar News : 19 हजार रुपये रिश्वत लेते जिला कृषि पदाधिकारी गिरफ्तार, पटना आवास से 11 लाख कैश, सोना-चांदी व निवेश के कागजात बरामद

पटना

बीपी डेस्क। राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी की टीम ने मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार को उनके निजी आवास से 19 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। सुधीर कुमार के पास वर्तमान में परियोजना निदेशक और सहायक निदेशक, तिरहुत प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी था।

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला कृषि विभाग के एक निविदा कर्मी (कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी) संतोष कुमार के पुनर योगदान (Re-joining) से जुड़ा है। संतोष कुमार से उनकी सेवा विस्तार और दोबारा ज्वाइनिंग के बदले जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार ने 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। आर्थिक तंगी से जूझ रहे कर्मी ने अपनी नौकरी बचाने के लिए किसी तरह पैसों का इंतजाम करना शुरू किया।

पीड़ित संतोष कुमार ने बताया कि रिश्वत की भारी रकम चुकाने के लिए उसे अपनी जमा-पूंजी के साथ-साथ घर की कीमती चीजें भी बेचनी पड़ीं। संतोष ने 5 दिसंबर को सुधीर कुमार को 1,81,000 रुपये की पहली किस्त दी थी। यह रकम उसने बैंक से लोन लेकर, अपनी पत्नी के गहने गिरवी रखकर और अपनी गाड़ी बेचकर जुटाई थी।

इतनी बड़ी रकम देने के बाद भी सुधीर कुमार बाकी बचे 19,000 रुपये के लिए संतोष पर लगातार दबाव बना रहे थे। बार-बार के मानसिक दबाव से परेशान होकर संतोष कुमार ने 11 दिसंबर को पटना स्थित निगरानी विभाग में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। विभाग ने मामले का सत्यापन कराया और शिकायत सही पाए जाने पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।

योजना के मुताबिक, शनिवार को जैसे ही संतोष कुमार शहर के चर्च रोड स्थित सुधीर कुमार के निजी आवास पर रिश्वत के बचे हुए 19,000 रुपये देने पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठी निगरानी की टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। मामले की जानकारी देते हुए निगरानी विभाग के डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी अधिकारी को घूस की राशि के साथ गिरफ्तार किया गया है।

उनके आवास की भी तलाशी ली जा रही है ताकि अन्य आय से अधिक संपत्ति के दस्तावेजों का पता लगाया जा सके। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को लेकर पटना रवाना हो गई है, जहाँ उन्हें विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।

पटना आवास से 11 लाख कैश, सोना-चांदी व निवेश के कागजात बरामद

निगरानी टीम ने डीईओ सुधीर कुमार के पटना के अंबेडकर पथ स्थित आनंद बिहार कॉलोनी स्थित तीन मंजिले मकान की तलाशी ली गई। जहां से 11 लाख रूपए नकद मिले हैं। वहीं 250 ग्राम से अधिक सोने एवं चांदी के जेवरात, निवेश के कई कागजात बरामद हो चुके हैं। मुजफ्फरपुर स्थित किराए की आवास व कार्यालय की भी तलाशी ली गई है।

निगरानी ब्यूरो ने बताया है कि मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार पर आरोप है कि इन्होंने तकनीकी प्रबंधक के पद पर संविदा के आधार पर पुनर नियोजन को लेकर एक कर्मी को परेशान किया था।धमकी देकर पहले डेढ़ लाख रुपया, फिर 31000 रिश्वत लिया जा चुका था। अंतिम किस्त के रूप में 19000 रू ले रहा था,तभी निगरानी ने गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी ने बताया है कि निगरानी ब्यूरो ने एक रेड में 45 अधिकारियों कर्मियों को लगाया था। साथ ही निगरानी थाना के 8 कर्मी लगे थे। निगरानी के डीजी ने ऑपरेश में लगे सभी अधिकारियों कर्मियों को 3-3 हजार रू नकद पुरस्कार देने की घोषमा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *