सन् 42 के अमर शहीदों की याद में राजकीय समारोह आयोजित, नागरिकों ने श्रद्धा सुमन किया अर्पित..

बक्सर

उत्सवी माहौल के बीच देर शाम तक श्रद्धा सुमन अर्पित करने वाले नागरिकों का कारंवा जारी रहा

बक्सर, विक्रांत : शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले….. सोलह अगस्त सन् 42 को देश को अंग्रेजों की दासता से मुक्ति दिलाने के लिए सीने पर गोली खाकर प्राणों की आहूति देने वाले डुमरांव के वीर सपूतों की याद में रविवार शहीद दिवस पर राजकीय समारोह का आयोजन किया गया.

स्थानीय अमर शहीद पार्क के परिसर में अनुमंडल प्रशासन के सौजन्य से परंपरागत तौर पर आयोजित समारोह में जिला प्रभारी सह राज्य सरकार के मंत्री नंद किशोर राम, क्षेत्रीय विधायक राहुल कुमार सिंह, डीएम साहिला, एसपी शुभम आर्य, डीडीसी निहारिका छवि ,एएसपी पोलत्स कुमार, एसडीओ राजीव कुमार एवं डुमरांव थानाध्यक्ष संजय सिन्हा समेत शहीद स्मारक समिति के सदस्यों के अलावा अमर शहीदों के परिजन व सैकड़ों गणमान्य मौजूद थे.

कार्यक्रम की शुरुआत आगत अतिथियों द्वारा अमर शहीदों की प्रतिमा और स्तूप पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ हुई. इस मौके पर जिला प्रभारी मंत्री ने अमर शहीदों को याद करते हुए शहीदों के भूमिहीन परिजन को वास भूमि का बासगीत पर्चा देने, प्रधान मंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान करने की घोषणा की. जब कि शहीदों के आश्रित एक परिजन को पेंशन दिलाने को विधान सभा के सदन में सवाल खड़े करने की बातें कही गई.

मौके पर विधायक ने डुमरांव के अमर शहीदों में अग्रज कपिल मुनि कमकर की स्मृति सम्मान में एनएच-120 का हिस्सा स्टेशन रोड का नामकरण अमर शहीद कपिल मुनि मार्ग कराने का आश्वासन दिया. वहीं आगतुंक अतिथियों द्वारा उत्सवी माहौल में आयोजित राजकीय समारोह के बीच अमर शहीदों में कपिलमुनि कमकर, रामदास सोनार, गोपाल जी खरवार एवं रामदास लोहार सहित अन्य शहीदों के परिजन को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया.

दुसरी ओर शहीद स्मारक समिति के संयोजक संजय चंद्रबंशी के नेतृत्व में गोपाल जी गुप्ता, राजेश कुमार, विशोका चंद, नंद जी गांधी, महेन्द्र प्रसाद, महेन्द्र राम, अशोक कुमार, उमेश गुप्ता एवं राजू केशरी द्वारा जिला के डीएम एसपी डीडीसी एएसपी एसडीओ के अलावा राज्य सरकार के रहनुमा मंत्री एवं विधायक को स्मृति चिन्ह एवं अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया.

समारोह का संचालन राज हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक अनुराग मिश्रा ने किया. इसके पहले बक्सर जिला पुलिस प्रशासन के सौजन्य से सोलह अगस्त सन् 42 के अमर शहीदों के प्रति गार्ड आफ आनर प्रदान किया गया. सुबह में प्रभात फेरी निकाली गई. डुमरांव नगर के बीचों बीच अवस्थित शहीद पार्क शाम ढलते रंग बिरंगे बल्ब की रौशनी से रौशन रहा..

इसी क्रम में शहीद कपिल मुनि के परिजनों ने जुलूस की शक्ल में पार्क पहुंच कर परंपरागत तौर पर पूजा अर्चना की. इसी तरह गोपाल जी खर वार के परिजनों द्वारा गाजे बाजे के साथ जुलूस निकाली गई. इस मौके पर देश भक्त नागरिकों द्वारा लगाए गए नारे सन 42 के वीर सपूतों अमर रहें, भारत माता की जय से पूरा डुमरांव गुंजायमान रहा.