तमिलनाडु चुनाव में एक्टर विजय के ये चुनावी वादे रहे हिट, पढ़िये?

Uncategorized

सेंट्रल डेस्क। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में, अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने अपने पहले ही चुनाव में धुआंधार प्रदर्शन किया है.विजय की पार्टी ने DMK और AIADMK जैसी स्थापित पार्टियों को कड़ी टक्कर दी, और एग्जिट पोल के अनुसार, वे एक बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरे हैं.

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझान में एक्टर विजय की टीवीके प्रचंड जीत की ओर बढ़ रही है. 234 विधानसभा सीटों वाली तमिलनाडु में विजय की पार्टी को 100 से ज्यादा सीटें मिलती दिख रही हैं. 51 साल के विजय ने साल 2024 में फिल्म इंडस्ट्री से सियासत की ओर रूख किया था. विजय के चुनावी वादों ने तमिलनाडु में काफी सुर्खियां बटोरी थी.

उन्होंने मतदान से पहले लड़कियों को शादी के दौरान 8 ग्राम सोना और महिलाओं को फ्री में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था. विजय के ये वादे तमिलनाडु चुनाव में हिट रहे, जिसके कारण 10 साल बाद एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके की सत्ता चेन्नई से जाती दिख रही है.

विजय ने चुनाव में किए थे ये 5 बड़े वादे

  1. मेनिफेस्टो जारी करते हुए विजय ने कहा था कि तमिलनाडु में शादी करने के वक्त हर लड़कियों को 8 ग्राम सोना सरकार की तरफ से दी जाएगी. ये सरकारी सहायता के तौर पर दी जाएगी. विजय की पार्टी ने गोल्ड के साथ ही लड़कियों को शादी के वक्त सरकार की तरफ से एक रेशमी साड़ी भी उपहार में देने का वादा किया था.
  2. विजय की पार्टी ने अपने मेनिफेस्टो में महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की थी. वहीं बुजुर्ग और दिव्यांगजनों के पेंशन को 3000 रुपए प्रतिमाह तक बढ़ाने का फैसला किया था.
  3. टीवीके ने वादा किया था कि अगर उनकी पार्टी सरकार में आती है तो उन लोगों को मुफ्त में जमीन का पट्टा देगी, जो भूमिहीन हैं. विजय का कहना था कि जो सरकारी जमीन है, उस पर गरीब लोगों को पट्टा दिलाया जाएगा.
  4. एक्टर विजय की पार्टी ने घरेलू सहायता के तौर पर सभी परिवार को 200 यूनिट बिजली और हर साल 6 गैस सिलेंडर मुफ्त में देने की घोषणा की थी. टीवीके ने महिलाओं को 5 लाख रुपए तक बिना ब्याज के ऋण देने का भी वादा किया था.
  5. युवाओं को साधने के लिए टीवीके ने ग्रेजुएशन पास लोगों को 4000 रुपए बेरोजगारी सहायता देने की घोषणा की थी. इसके अलावा 5 लाख लोगों को इंटर्नशीप जॉइन कराने की बात कही गई थी. टीवीके ने अगले 5 साल में 5 लाख सरकारी नौकरी देने की भी घोषणा की थी. 25 लाख लोन भी देने का वादा किया था.