नालंदा में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दो लोगों की मौत; कार चालक फरार

बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत एसएच-78 पर मुजफ्फरपुर के उटा खंधा के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। बाइक और मारुति कार की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर के बाद दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर चारों ओर खून फैल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और नूरसराय थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दारोगा धीरज कुमार पुरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया।

मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के बिजवनपर निवासी स्व. सिदेश्वर प्रसाद के 40 वर्षीय पुत्र बलराम कुमार तथा लहेरी थाना क्षेत्र के मेहरपर निवासी महेश प्रसाद के 40 वर्षीय पुत्र अमित राज के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि दोनों बाइक से पटना से अपने घर लौट रहे थे। बलराम कुमार जीपीएस और सीसीटीवी कैमरा लगाने का कार्य करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों के सदस्य बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचे, जहां परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

दारोगा धीरज कुमार पुरी ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।:::