बीपी डेस्क। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण ऐलान किया है. उन्होंने साफ कर दिया है कि अब वह खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे. उनकी जगह उनके बड़े बेटे अभिषेक सिंह मोकामा विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे. अनंत सिंह ने यह घोषणा रविवार को बाढ़ अनुमंडल के घोसवरी प्रखंड सभागार में आयोजित जदयू कार्यकर्ता सम्मान समारोह के दौरान की.
इस कार्यक्रम में उनके बड़े बेटे अभिषेक भी मौजूद थे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने पहले ही चुनाव नहीं लड़ने का फैसला कर लिया था. अब उनकी जगह उनके बड़े बेटे अभिषेक जनता के बीच रहकर काम करेंगे और आने वाले विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार होंगे. उन्होंने कहा कि जनता का प्यार और भरोसा हमेशा उनके साथ रहा है.
जब भी लोग उन्हें बुलाएंगे, वह पहले की तरह उनके बीच आते रहेंगे. संबोधन में अनंत सिंह ने मोकामा की समस्याओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र की समस्याएं कभी पूरी तरह खत्म नहीं होतीं. जरूरी यह है कि उन पर लगातार काम किया जाए और लोगों की परेशानियों का समाधान किया जाए.
कार्यक्रम में मौजूद अभिषेक सिंह ने भी पहली बार खुलकर चुनाव लड़ने के सवाल पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अगर जनता उन्हें योग्य समझेगी, तो वह जरूर चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि आने वाले चार से पांच साल तक वह लगातार जनता के बीच रहेंगे. लोगों की समस्याओं को समझेंगे और उनके काम करेंगे.
इसके बाद यदि जनता को लगेगा कि वह इस जिम्मेदारी के योग्य हैं, तो वह चुनाव मैदान में उतरेंगे. अभिषेक सिंह ने कहा कि मोकामा के विकास के लिए उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता शिक्षा और स्वास्थ्य होगी. उनका प्रयास रहेगा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और विकास कार्यों को गति मिले.
अनंत सिंह के इस ऐलान के बाद मोकामा की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है. माना जा रहा है कि अब वह अपने बेटे को सक्रिय राजनीति में स्थापित करने की तैयारी कर चुके हैं. आने वाले विधानसभा चुनाव में मोकामा सीट पर सभी की नजरें अभिषेक सिंह की भूमिका पर टिकी रहेंगी.
