आपदा की घड़ी में प्रभावित परिवारों तक हर संभव सहायता पहुंचाना हमारी प्राथमिकता- जिला पदाधिकारी

पटना

जिला पदाधिकारी ने राहत सामग्रियों से भरे 5 ट्रकों को सारण के लिए किया रवाना

11,000 पॉलीथीन शीट एवं 1,348 ड्राई राशन पैकेट भेजे गए

बीपी डेस्क। आपदा की घड़ी में अंतर-जिला सहयोग की मिसाल पेश करते हुए जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह, भा.प्र.से. ने आज सारण जिले के बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्रियों से भरे 5 ट्रकों को रवाना किया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्रशाखा, वैशाली द्वारा सारण जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में वितरण के लिए 11,000 अतिरिक्त पॉलीथीन शीट एवं 1,348 ड्राई राशन पैकेट भेजे गए हैं।

जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत एवं आवश्यक सहायता पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत सामग्री के प्रेषण में तत्परता बरतने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री निर्धारित माध्यम से शीघ्रता से प्रभावित परिवारों तक पहुंचे।

सारण जिले के मकेर प्रखंड सहित अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावित परिवारों की तत्काल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह राहत सामग्री भेजी गई है।

पॉलीथीन शीट से प्रभावित परिवारों को अस्थायी आश्रय एवं घरेलू सामान को सुरक्षित रखने में सहायता मिलेगी, जबकि ड्राई राशन पैकेट के माध्यम से प्रभावित परिवारों को तत्काल खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में सहयोग मिलेगा।

जिला पदाधिकारी के निर्देशन में वैशाली जिला प्रशासन द्वारा अपने जिले के प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने के साथ-साथ आवश्यकता के अनुरूप अन्य प्रभावित जिलों को भी मानवीय आधार पर राहत सामग्री उपलब्ध कराते हुए सहयोग किया जा रहा है। यह पहल आपदा की विषम परिस्थितियों में प्रशासनिक समन्वय एवं मानवीय संवेदना के साथ प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

जिला आपदा प्रबंधन प्रशाखा द्वारा भेजी गई राहत सामग्री को निर्धारित माध्यम से सारण जिला प्रशासन को उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि इसका शीघ्र वितरण बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सुनिश्चित किया जा सके।

जिला पदाधिकारी, वैशाली के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा आपदा की स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों का अनुश्रवण किया जा रहा है। साथ ही, आवश्यकता के अनुरूप उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई निरंतर जारी है।