बीपी डेस्क। बिहार की राजधानी पटना में BPSC TRE-4 समेत भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है. इसी बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने छात्रों की मांगों और उनकी भावनाओं का समर्थन किया है. चिराग ने कहा कि वह छात्रों की बात मुख्यमंत्री के सामने रखकर समाधान निकालने का प्रयास करेंगे. केंद्रीय मंत्री ने कहा, “मैं उनकी भावना का समर्थन करता हूं. मैंने हमेशा सही सोच को उचित मंच तक पहुंचाने का काम किया है.”
उन्होंने कहा कि पहले पीएचडी अभ्यर्थियों की चिंताओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया था. चिराग पासवान ने कहा कि छात्र आज जिन बदलावों की मांग कर रहे हैं, उन्हें लेकर वह मुख्यमंत्री से मुलाकात कर समाधान निकालने का निवेदन करेंगे. उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों की जायज चिंताओं को सरकार के उचित मंच तक पहुंचाना जरूरी है. उन्होंने पीएचडी अभ्यर्थियों के मुद्दे का भी जिक्र किया और कहा कि पहले UGC से जुड़े नियमों को लेकर छात्रों की जो चिंताएं थीं, उन्हें भी मुख्यमंत्री के सामने रखा गया था.
TRE-4 और डोमिसाइल को लेकर छात्रों का आंदोलन :
इधर, पटना के गर्दनीबाग में BPSC TRE-4 से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है. प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में PT-Mains व्यवस्था, नेगेटिव मार्किंग हटाने और 100 फीसदी डोमिसाइल शामिल है. प्रदर्शन कर रहे छात्रों का एक गुट मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए निकल पड़ा. इसे देखते हुए पुलिस और सुरक्षाबलों ने जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग कर छात्रों को रोकने की कोशिश की.
वहीं प्रदर्शनकारी छात्रों के सीएम आवास की ओर बढ़ने की सूचना पर जेपी गोलंबर पर बड़ी संख्या में फोर्स तैनात की गई. CRPF जवानों को भी तैनात किया गया, लेकिन छात्र बैरिकेडिंग तोड़कर आगे निकल गए और डाकबंगला चौराहे की ओर पहुंच गए. पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच डाकबंगला इलाके में तनाव बढ़ गया. छात्रों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया. प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई.
लाठीचार्ज और पत्थरबाजी में पुलिस अधिकारी घायल :
स्थिति बिगड़ने पर डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया. प्रदर्शनकारियों की ओर से हुई कथित पत्थरबाजी में टाउन डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह घायल हो गए. कई अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोट लगने की सूचना है. वहीं, वाटर कैनन और पुलिस कार्रवाई के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगने और एक छात्रा के बेहोश होने की बात सामने आई है. पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
