सासाराम/ अरविंद कुमार सिंह। रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में मजदूर की हत्या के मामले में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों, एसडीआरएफ (SDRF) और गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर मृतक चंद्रेश्वर चौधरी का शव नहर से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद पूरे मामले की पुष्टि हो गई है। वहीं पुलिस ने दावा किया है कि घटना के महज चार घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, जोगिया गांव निवासी लगभग 60 वर्षीय चंद्रेश्वर चौधरी बुधवार को किसी काम से मुख्य आरोपी अजीत तिवारी के घर गए थे। इसी दौरान मजदूरी के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि अजीत तिवारी ने चंद्रेश्वर चौधरी को गोली मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहली गोली लगने के बाद वह गिर पड़े, जिसके बाद दूसरी गोली भी मारी गई।
घटना के समय मौजूद एक मजदूर किसी तरह वहां से भागकर गांव पहुंचा और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तब तक आरोपी घायल चंद्रेश्वर चौधरी को वाहन से लेकर फरार हो चुके थे। बाद में आरोपियों द्वारा शव को ठिकाने लगाने की आशंका जताई गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य आरोपी के घर में आग लगा दी, जिससे घर में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग से करोड़ों रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात कही जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ ने पथराव कर दिया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनका इलाज दिनारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
रोहतास के पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार तथा बिक्रमगंज एसडीपीओ सिंधुशेखर स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसपी रोशन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई। गाजीपुर पुलिस के सहयोग से घटना में शामिल सभी आरोपियों को चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की सहायता से नहर में तलाश अभियान चलाया गया, जिसके बाद मृतक का शव बरामद कर लिया गया।
फिलहाल जोगिया गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच कर रही है तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
