- चार्जिंग प्वाइंट तैयार करने के दौरान हुआ हादसा, इलाज के लिए ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : पावापुरी ओपी क्षेत्र के घोसरावां गांव में बुधवार की रात ई-रिक्शा के लिए चार्जिंग प्वाइंट तैयार करना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। बिजली कनेक्शन का काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से मनीष सिंह के 27 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, बिट्टू कुमार ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज करने के लिए चार्जिंग प्वाइंट तैयार कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह बिजली के संपर्क में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पावापुरी ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ओपी अध्यक्ष गौरव कुमार सिंह ने बताया कि युवक की करंट लगने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। इधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
