बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत शनिवार को नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में सोगरा हाई स्कूल की छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं का मार्गदर्शन करना, उनकी समस्याओं को समझना तथा उन्हें नागरिक अधिकारों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना था। संवाद के दौरान छात्राओं ने डॉक्टर, शिक्षक और पुलिस अधिकारी बनने के अपने सपने साझा किए।
जिलाधिकारी ने उन्हें मेहनत से पढ़ाई करने और अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की प्रेरणा दी। उन्होंने हिंसक प्रदर्शनों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां भविष्य के करियर पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं।
छात्राओं ने विद्यालय में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन नहीं होने की समस्या बताई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र मशीन लगाने का निर्देश दिया। इसके बाद छात्राओं को पुलिस कंट्रोल रूम और लोक शिकायत निवारण केंद्र का भ्रमण कराया गया।
यहां उन्हें सीसीटीवी आधारित निगरानी व्यवस्था, डायल-112 की कार्यप्रणाली, ट्रैफिक मॉनिटरिंग तथा जन शिकायतों के समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
