Biharsharif/ Avinash pandey : जिले को बेहतर विधि- व्यवस्था देने की नालंदा पुलिस की वचनबद्धता पर अपराधी एक बार फिर से अपनी तगड़ी मौजूदगी दिखा रहे हैं। जिले में चोरों का आतंक फिर से कायम हुआ है। दशहरा, दीपावली व छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व सर पर है, वही नालंदा पुलिस की बनाई सुरक्षा विश्वास के योग या नहीं दिख रही है। इस बार अपराधियों ने दीपनगर थाना क्षेत्र के अयोध्या नगर में एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना 10 अक्टूबर की बताई जा रही है। चोरी की इस वारदात के बाद पीड़ित परिवार में चिंता का माहौल है। पीड़ित ने दीपनगर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित अंजिल कुमार ने बताया कि वह अयोध्या नगर में सुभाष जी के मकान में किराये पर अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह नालंदा कॉन्वेंट क्लासेज में पढ़ाने का काम करते हैं। शनिवार की सुबह करीब आठ बजे वह घर में ताला बंद कर स्कूल चले गए थे। दोपहर में उनकी पत्नी प्रवीला कुमारी जब घर पहुंचीं, तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाने पर गोदरेज की अलमारी और उसका लॉकर भी टूटा हुआ था। सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे जेवरात और नकदी गायब हैं।
सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी भी ले गए चोर
पीड़ित के आवेदन के अनुसार, चोरों ने सोने की चार चूड़ियां, दो जोड़ी सोने के झुमके, सोने की चेन, पांच सोने की अंगूठियां, हीरे जड़ित सोने की बेसर, चार जोड़ी चांदी की पायल, सोने की कान की बाली, सोने की नथिया, सोने का टीका और गले का हार समेत अन्य आभूषण चोरी कर लिए। इसके अलावा चांदी की चेन सहित अन्य सामान भी गायब हैं।
पीड़ित ने बताया कि घर में स्कूल का किराया देने के लिए दो लाख रुपये नकद रखे हुए थे। चोर आभूषणों के साथ नकदी भी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग परेशान हैं।
पीड़ित ने दीपनगर थाने में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद इलाके में बंद घरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। यहां बता दे की 8 अक्टूबर 2026 की मध्य रात्रि बिहार शरीफ शहर के मगध कॉलोनी स्थित एक बड़े बिजनेसमैन के घर भीषण चोरी की घटना को अपराधियों ने अंजाम दिया जहां से करीब 40 लख रुपए मूल्य की संपत्ति अपराधी लेकर रफू चक्कर हो गए।
