सेंट्रल डेस्क। भारत में लग्जरी इलेक्ट्रिक कारों को पसंद करने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है. BMW इंडिया ने अपनी नई इलेक्ट्रिक सेडान i5 लॉन्ग व्हीलबेस यानी i5 LWB की बुकिंग शुरू कर दी है. यह कार BMW की पहली ऐसी इलेक्ट्रिक सेडान है, जिसे भारत में ही चेन्नई के प्लांट में तैयार किया जा रहा है.
iX1 के बाद यह दूसरी BMW इलेक्ट्रिक कार है, जो भारत में लोकल असेंबल की जा रही है. कंपनी ने इसके साथ ही सिर्फ 99 यूनिट में उपलब्ध एक खास फर्स्ट एडिशन भी पेश किया है. ग्राहक अब इस कार को BMW के डीलरशिप नेटवर्क या कंपनी की वेबसाइट के जरिए बुक करा सकते हैं. कार की डिलीवरी आने वाले कुछ हफ्तों में शुरू होने की उम्मीद है.
कितनी रेंज वाली है यह कार :
BMW i5 LWB में 81.6 kWh की बैटरी दी गई है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 669 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करती है. इसमें एक इलेक्ट्रिक मोटर लगी है, जो 268 हॉर्सपावर की ताकत देती है और यह कार सिर्फ 6.7 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है.
साइज की बात करें तो यह अपने सेगमेंट की सबसे बड़ी और सबसे लंबी सेडान है, जिसकी लंबाई 5,175 मिलीमीटर, चौड़ाई 2,156 मिलीमीटर और ऊंचाई 1,520 मिलीमीटर है. इसका व्हीलबेस भी सामान्य i5 से 110 मिलीमीटर ज्यादा यानी 3,105 मिलीमीटर रखा गया है, जिससे पीछे बैठने वालों को ज्यादा लेगरूम और आराम मिलता है.
जानिए खास फीचर्स :
फीचर्स की बात करें तो BMW i5 LWB के अंदर बड़ा कर्व्ड डुअल-स्क्रीन डैशबोर्ड दिया गया है, जो कार को काफी मॉडर्न लुक देता है. इसमें कस्टमाइज करने लायक एंबिएंट लाइटिंग भी है, जो डैशबोर्ड और दरवाजों तक फैली हुई है. जो लोग सबसे खास वर्जन चाहते हैं, उनके लिए कंपनी ने सिर्फ 99 यूनिट में फर्स्ट एडिशन उतारा है.
इस एडिशन में कार्बन ब्लैक मेटैलिक कलर के साथ टाइटेनियम ब्रॉन्ज एक्सटीरियर एक्सेंट दिए गए हैं, जबकि केबिन के अंदर सिल्वर ब्रॉन्ज एक्सेंट, ओपन-पोर लकड़ी की फिनिशिंग और डैशबोर्ड पर खास लेजर एनग्रेविंग भी मिलती है. यह कार BMW की मौजूदा 530Li पेट्रोल सेडान से ऊपर और परफॉर्मेंस वाली i5 M60 इलेक्ट्रिक सेडान से नीचे पोजिशन की गई है. बाजार में यह सीधा मुकाबला Mercedes-Benz की इलेक्ट्रिक E-Class जैसी कारों से करेगी.
