चंडी थाना क्षेत्र के बेलधन्ना गांव में बवाल, अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया; पांच युवक हिरासत में
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : चंडी थाना क्षेत्र के सालेहपुर पंचायत के बेलधन्ना गांव में भैंस चोरी की रेकी करने के संदेह में एक किशोर को ग्रामीणों द्वारा पकड़ने के बाद सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने कथित रूप से किशोर के पिता के साथ मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस जब पिता को हिरासत में लेने का प्रयास करने लगी तो ग्रामीण पुलिस से भी उलझ गए। स्थिति बिगड़ने पर कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार, उतरा, भेड़िया, कचरा और बेलधन्ना गांव में लगातार भैंस चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इससे ग्रामीणों में पहले से आक्रोश था। ग्रामीण सोना देवी ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे बेलधन्ना गांव में एक किशोर को एक घर के आसपास संदिग्ध स्थिति में घूमते देखा गया। पूछताछ करने पर उसने बाइक की चाबी खो जाने की बात कही।
घर के अंदर दिखे तीन-चार युवक
कुछ देर बाद घर के सदस्यों ने तीन-चार युवकों को घर के अंदर देखा। शोर मचाने पर सभी भागने लगे, जिनमें एक किशोर की पहचान कर ली गई। सोमवार सुबह वही किशोर एक दुकान पर पहुंचा तो ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी। ग्रामीणों का दावा है कि पूछताछ के दौरान किशोर ने बताया कि उसे एक युवक ने यह पता लगाने के लिए भेजा था कि घर में लोग सोए हैं या जाग रहे हैं। पूछताछ में उसने मेहंदी बिगहा गांव के एक युवक का नाम बताया। इसके बाद ग्रामीण उसके घर पहुंचे, लेकिन वह फरार मिला। ग्रामीणों ने उसके पिता छोटे यादव को पकड़ लिया और भैंस चोरी के संबंध में पूछताछ करने लगे।
पुलिस को रोकने पर हुआ विवाद
मामले की सूचना मिलने पर चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस छोटे यादव को हिरासत में लेने का प्रयास कर रही थी, तभी ग्रामीणों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने जब रोकने का प्रयास किया तो ग्रामीणों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नगरनौसा, थरथरी, नूरसराय और तेलमर थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने मौके से पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
वीडियो फुटेज की जांच
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि मामले में पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल के वीडियो फुटेज की भी जांच की जा रही है। जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
लगातार भैंस चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों का दावा है कि इस महीने क्षेत्र में दस से अधिक भैंस चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि चोरी करने वाला गिरोह पहले घरों की रेकी करता है और इसके बाद मौका देखकर भैंस खोलकर गांव से बाहर ले जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, रेकी करने और चोरी की भैंस को बाहर पहुंचाने वाले लोगों को अलग-अलग राशि दिए जाने की बात सामने आ रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।
