नालंदा: राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने पर जोर, न्यायिक पदाधिकारियों संग बैठक

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहारशरीफ जिला न्यायालय स्थित विधिक सेवा सदन में 9 मई को आयोजित होने वाली वर्ष की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से प्राधिकार अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुरविंद सिंह मल्होत्रा ने न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधान जिला जज ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने न्यायालयों में लंबित सुलहनीय वादों की शीघ्र पहचान कर उनकी सूची तैयार करें। साथ ही संबंधित पक्षकारों को समय पर नोटिस निर्गत कर यह सुनिश्चित करें कि अधिक से अधिक लोग लोक अदालत में भाग लेकर अपने मामलों का आपसी सहमति से निपटारा करा सकें।

उन्होंने प्री-लिटिगेशन (प्रीसिटिंग) स्तर पर निपटाए गए मामलों के अवार्ड की सूची भी जल्द तैयार करने का निर्देश दिया। निपटारे के दौरान संबंधित फाइलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।
प्रधान जिला जज ने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर गरीब और जरूरतमंदों को सुलभ व त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि लोक अदालत में आने वाला कोई भी पक्षकार बिना समाधान के वापस न लौटे। बैठक में यह भी बताया गया कि लोक अदालत से पूर्व विभिन्न विभागों, बैंकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि अधिकाधिक मामलों का निष्पादन संभव हो सके। बैठक का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजेश कुमार गौरव ने किया।