सचिव ने मेगा परियोजनाओं की समीक्षा, प्रोजेक्ट्स को समय सीमा पर पूर्ण करने के निर्देश

पटना

बीपी डेस्क। भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार की अध्यक्षता में आज विश्वेश्वरैया भवन स्थित कार्यालय कक्ष में संरचना उपभाग के सभी प्रमंडलों (विद्युत सहित) की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेगा परियोजना यथा- बिहार विधान सभा में डिजिटल संग्रहालय का निर्माण, बिहार लोक भवन परिसर में निर्माणाधीन परियोजना, संयुक्त कार्यालय भवन का निर्माण, जीविका मुख्यालय भवन, एसडीआरएफ, बिहटा के शेष कार्यों एवं बिहार अभियंत्रण विश्विद्यालय सहित अन्य सभी परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्तापूर्ण निर्माण एवं समयबद्धता के साथ क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

उक्त बैठक में विभाग के अपर सचिव, अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालक अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहें। बिहार लोक भवन, पटना परिसर में निर्माणाधीन राजेन्द्र भवन, राज्यपाल सचिवालय एवं अतिथि गृह का कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। अतिथि गृह (G+1) का निर्माण अग्रिम चरण में है, जिसे तेजी से पूरा किया जा रहा है। वहीं, राजेन्द्र भवन (B+G+1) एवं राज्यपाल सचिवालय (B+G+2) का कार्य भी किया जा रहा है।

बिहार विधान सभा, पटना परिसर में 1.74 एकड़ के भूखंड पर डिजिटल संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है। प्लिंथ से प्रथम तल तक कॉलम की शटरिंग एवं आरसीसी ढलाई तथा ग्राउंड फ्लोर छत का शटरिंग कार्य प्रगति पर है। डिजिटल संग्रहालय का भवन भू-तल समेत एक मंजिला होगा।

डिजिटल संग्रहालय में बिहार विधानसभा के गठन से लेकर अब तक के बिहार के सभी माननीय मुख्यमंत्रियों, माननीय विधान सभा अध्यक्ष, विधान परिषद के माननीय सभापति और माननीय विधायकों के बारे में डिजिटल रूप में जानकारी होगी। साथ ही, पिछले 100 वर्षों के विधान मंडल के गौरवशाली इतिहास को भी डिजिटल रूप में प्रदर्शित किया जाएगा ।

पटना में लगभग 5 एकड़ भूखंड पर बिहार अभियंत्रण विश्विद्यालय का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। परिसर में कुछ आवश्यक कार्यों का पूरा किया जा रहा है। विश्वविद्यालय का मुख्य भवन जी+4 संरचना में विकसित किया गया है, जिसमें आधुनिक प्रशासनिक जरूरतों और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है। ग्राउंड फ्लोर से लेकर चतुर्थ तल तक छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के काम करने में सहजता को प्रमुखता दी गई है।

पटना के पूर्वी गार्डेनर रोड पर निर्माणाधीन संयुक्त कार्यालय भवन का कार्य भी अग्रिम चरण में है। प्लास्टर एवं पुट्टी का कार्य प्रगति पर है। सचिव ने शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निदेश दिया। संयुक्त कार्यालय भवन के निर्माण से कार्यालयी कार्यों में सहुलियत होगी। बैठक में करीब 0.92 एकड़ भूखंड पर बनने वाले जीविका मुख्यालय भवन के निर्माण की समीक्षा की गई। जीविका मुख्यालय भवन G+7 होगा।

राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, बाँका परिसर में अतिरिक्त भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसमें प्रशासनिक भवन,बालक एवं बालिका छात्रावास, गेस्ट हाउस आदि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एसडीआरएफ, बिहटा के बचे हुए शेष कार्यों को भी तेजी से पूर्ण करने का निदेश दिया गया। सचिव ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समयसीमा पर कार्य नहीं होने पर एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करें।

सचिव के द्वारा परियोजनाओं के निर्माण में आ रहे अवरोधों को शीघ्र दूर करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने हेतु निदेशित किया गया। गुणवत्तापूर्ण निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित रूप से स्थल निरीक्षण का भी निदेश दिया गया। सचिव ने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।