मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा की घोषणा को धरातल पर उतारने के निर्देश, पर्यटन और छठ पूजा के लिए विकसित होगी नई सुविधा
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहारशरीफ शहर में पंचाने नदी के कोसुक घाट को आधुनिक रिवर फ्रंट के रूप में विकसित करने की दिशा में शनिवार को जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बताया कि यह परियोजना मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि रिवर फ्रंट निर्माण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।
प्रस्तावित रिवर फ्रंट पंचाने नदी के उस हिस्से में विकसित किया जाएगा, जहां से नदी बिहारशरीफ शहर में प्रवेश करती है। परियोजना के पूरा होने के बाद यहां लोगों को सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने, मनोरंजन और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने की बेहतर सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा, बिहारशरीफ–राजगीर मुख्य मार्ग के किनारे स्थित होने के कारण यह स्थल राजगीर आने-जाने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। रिवर फ्रंट के तहत विकसित होने वाले घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ महापर्व के दौरान भी सुविधापूर्वक पूजा-अर्चना कर सकेंगे। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता तथा स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।
