नालंदा: कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीत झंडू कुमार ने बढ़ाया बिहार का मान

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा जिले के हरनौत निवासी अंतरराष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीतकर भारत, बिहार और नालंदा का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। पुरुष हैवीवेट वर्ग में 190 किलोग्राम भार उठाकर उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता से पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।

झंडू कुमार पहले भी विश्व पैरा पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। विश्व रैंकिंग में अपनी पहचान बना चुके झंडू ने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। कॉमनवेल्थ गेम्स का कांस्य पदक उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है।

नालंदा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. ए. के. सिन्हा ने कहा कि झंडू की सफलता पूरे बिहार के लिए प्रेरणादायक है। वहीं एसोसिएशन के सचिव एवं कोच कुंदन कुमार पांडे ने इसे वर्षों की मेहनत और अनुशासित प्रशिक्षण का परिणाम बताया। कोषाध्यक्ष रवि कुमार ने कहा कि झंडू का संघर्ष और आत्मविश्वास युवाओं, विशेषकर दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

इस अवसर पर बिहार पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव संदीप कुमार, आरपीएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उपेंद्र कुमार सिन्हा, प्रो. धनंजय कुमार सहित कई खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और नागरिकों ने झंडू कुमार को बधाई दी। सभी ने उनके घर पहुंचकर माता-पिता को मिठाई खिलाई और इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।