टाउन थाना क्षेत्र में नशेड़ियों को टोकने पर दंपति पर हमला, दो पक्षों के बीच जमकर रोड़ेबाजी

नालंदा

Biharsharif/ Avinash pandey : बिहारशरीफ शहर का टाउन थाना क्षेत्र इन दोनों नशेड़ियों का अड्डा बना हुआ है। क्षेत्र के बैगनाबाद मोहल्ले में बुधवार की रात नशा कर रहे युवकों को टोकना एक दंपति को भारी पड़ गया। आरोप है कि बीच रास्ते में बैठकर नशा कर रहे युवकों को रास्ते से हटने के लिए कहने पर उन्होंने दंपति के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दंपति और उनके बच्चे को चोटें आईं। घटना के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे।

जानकारी के अनुसार, दंपति अपने बच्चे के साथ बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहा था। बैगनाबाद मोहल्ले में कुछ युवक रास्ते में बैठकर नशा कर रहे थे। दंपति ने उन्हें रास्ता छोड़कर कहीं और नशा करने को कहा, जिसके बाद युवक आक्रोशित हो गए और कथित तौर पर हमला कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए और मामला रोड़ेबाजी तक पहुंच गया।

सूचना मिलते ही डीएसपी अमरनाथ के नेतृत्व में बिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बिहार थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अन्य उपद्रवियों की पहचान कर रही है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। एहतियातन मोहल्ले में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।

स्थानीय लोगों ने मोहल्ले में कथित रूप से चल रहे नशीले पदार्थों के कारोबार पर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।