नालंदा में पुलिस वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चालक फरार; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : हरनौत थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा चेरन गांव के समीप स्थित पुल पर राष्ट्रीय राजमार्ग-30ए (एनएच-30ए) पर हुआ, जहां तेज रफ्तार एक पुलिस वाहन की टक्कर से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए एनएच-30ए को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

मृतक की पहचान हरनौत के कल्याण बिगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत महतवर-बलवापर गांव निवासी पिंटू यादव के 24 वर्षीय पुत्र प्रद्युम्न कुमार के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रद्युम्न कुमार अपनी मोटरसाइकिल से नरसंडा की ओर से हरनौत की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान सकसोहरा की ओर से तेज गति से आ रहा एक पुलिस वाहन चेरन पुल के पास अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसकी मदद करने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद पुलिस वाहन पर सवार पुलिसकर्मी और चालक वाहन छोड़कर मौके से चले गए। दुर्घटना में पुलिस वाहन और मोटरसाइकिल दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस तथा सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना से नाराज ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने कुछ समय के लिए एनएच-30ए को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौके पर मौजूद सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका।