हर पंचायत बनेगी ‘मिनी सचिवालय’, नालंदा में विकास योजनाओं की समीक्षा; मंत्री ने दी बड़ी जानकारी

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को बिहारशरीफ सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में नालंदा जिले में चल रही विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक पंचायत सरकार भवन को ‘मिनी सचिवालय’ के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि ग्रामीणों को अधिकांश सरकारी सेवाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।

134 पंचायत सरकार भवन चालू, 87 का निर्माण जारी

मंत्री ने बताया कि नालंदा जिले की 227 पंचायतों में से 134 पंचायत सरकार भवन बनकर पूरी तरह क्रियाशील हो चुके हैं, जबकि 87 भवनों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इन भवनों को डिजिटल सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। अब तक 51 पंचायत सरकार भवनों में डाकघर (पोस्ट ऑफिस) की सुविधा शुरू की जा चुकी है।

वहीं, आधार केंद्र खोलने की तैयारी भी चल रही है, जिसके लिए कार्यपालक सहायकों को प्रशिक्षण देकर प्रमाणित किया जाएगा।
उन्होंने माना कि कुछ पंचायतों में एप्रोच रोड की समस्या है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।

सोलर स्ट्रीट लाइट और कन्या विवाह मंडप पर जोर

मंत्री ने बताया कि जिले में प्रत्येक वार्ड में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य लगभग पूरा हो चुका है। 32,900 लाइटों के लक्ष्य के विरुद्ध 32,710 लाइटें लगाई जा चुकी हैं और शेष कार्य इसी महीने पूरा कर लिया जाएगा।

इसके अलावा 24 पंचायतों में कन्या विवाह मंडप निर्माण की स्वीकृति दी गई है। वहीं 115 स्थलों को मोक्ष धाम के रूप में विकसित करने के लिए चिह्नित किया गया है।

सहयोग शिविरों में 711 आवेदनों का हुआ निष्पादन

मंत्री ने बताया कि विभाग द्वारा आयोजित ‘सहयोग शिविरों’ में अब तक 753 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 711 आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने इसे सरकार की संवेदनशील और जवाबदेह कार्यशैली का उदाहरण बताया।

पंचायत चुनाव में मल्टी-पोस्ट EVM और बदलेगा आरक्षण रोस्टर

आगामी पंचायत चुनावों को लेकर मंत्री ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस बार छह पदों के चुनाव के लिए मल्टी-पोस्ट EVM का उपयोग किया जाएगा, जिससे मतदान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल होगी। उन्होंने यह भी कहा कि 10 वर्षों के अंतराल के बाद आरक्षण रोस्टर में बदलाव देखने को मिलेगा।

बांकीपुर उपचुनाव में NDA की जीत का दावा

प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री दीपक प्रकाश ने बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए की एकतरफा जीत का दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा किए गए विकास कार्यों के आधार पर जनता एनडीए के पक्ष में मतदान करेगी।