नालंदा में जमीन विवाद में युवक की पीटकर हत्या, दो गिरफ्तार, पांच की तलाश जारी

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिंद थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव में बुधवार को जमीन और रास्ते के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोसियों द्वारा लाठी-डंडे एवं धारदार हथियार से किए गए हमले में 42 वर्षीय अमरजीत केवट की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पांच अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।

मृतक के बेटे शिवराज कुमार ने बताया कि पड़ोसी पक्ष के साथ लंबे समय से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद पड़ोसी पक्ष के लोगों ने उनके पिता पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अमरजीत केवट को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर प्रदीप किशोर सिन्हा एवं बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से खून के नमूने सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों नरेश पासवान और मंटू पासवान, दोनों निवासी नौरंगा गांव, को गिरफ्तार कर लिया है।

बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन एवं रास्ते के विवाद से जुड़ा है। मृतक के बेटे के आवेदन पर सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फरार पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।