सेंट्रल डेस्क। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, आज जो हुआ, उसकी तस्वीरें देखकर आप चौंक जाएंगे. पीठासीन सभापति संध्या राय ने बहुत बड़ा बखेड़ा खड़ा होने से बचा लिया। पहली बार देखा गया कि बेल से ऊपर आकर सत्ता पक्ष की ओर, महिलाओं को आगे रखकर विपक्ष ने लड़ाई करने की कोशिश की. लेकिन हम लड़ाई करने नहीं आए हैं।
हम तो देश की जनता को दिखाना चाहते हैं कि लगातार चुनाव हारने वाली कांग्रेस पार्टी किस तरह से अपना आपा खो बैठी है। हमने आज तक नहीं देखा, जहां प्रधानमंत्री की कुर्सी होती है, उससे भी तीन-चार कुर्सी ऊपर विपक्ष की महिला सांसद पहुंच गईं और उनके पीछे पुरुष सांसद पीएम की कुर्सी को महिला सांसदों ने घेर लिया।
मनोज तिवारी ने दावा किया कि महिला सांसदों की मंशा पीएम पर हमला करने की थी। मनोज तिवारी ने आगे कहा- यह स्थिति दिखाती है कि क्योंकि जनता कांग्रेस को हरा रही है, इसलिए वे हमें संसद में बोलने नहीं देंगे।देश को इतना बड़ा सम्मान मिला है, फिर भी वे इसे मनाने नहीं देंगे, और वे यह सब प्रधानमंत्री मोदी को बोलने से रोकने के लिए कर रहे हैं।
देश सब कुछ देख रहा है, और देश कांग्रेस से जवाब मांगेगा. उन्होंने आगे कहा, राहुल गांधी एक ऐसी किताब का जिक्र कर रहे थे जो अभी तक पब्लिश नहीं हुई है, लेकिन निशिकांत दुबे ने एक ऐसी किताब का जिक्र किया जो पहले ही पब्लिश हो चुकी है। साथ ही केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, आज, सदन शुरू होने से पहले, विपक्षी नेता पीएम मोदी की सीट के पास बैनर लेकर खड़े थे. यह बदतमीजी की हद है।
दिन में स्पीकर सर ने भी कहा था कि आप विरोध करें, लेकिन आपके विरोध की भी एक सीमा होती है। उसी सीमा में रहें। आप उस जगह क्यों आते हैं जहां प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और दूसरे मंत्री बैठते हैं? जब हम उन्हें हटा रहे थे, तो वे हिल भी नहीं रहे थे।
यह कांग्रेस का घमंड है क्योंकि वे सोचते हैं कि गरीब और पिछड़े समुदायों के लोग यहां आकर कैसे बैठ गए?… राहुल गांधी ने कल कहा था कि मैं विपक्ष का नेता हूं और मुझे कौन रोकेगा… आज, सांसदों ने लिखित में शिकायत दी है, और अब यह मामला स्पीकर सर के पास है।
वहीं बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में कुछ किताबों का जिक्र करते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक अप्रकाशित पुस्तक की बात कर रहे हैं, लेकिन वह गांधी-नेहरू परिवार की सच्चाई सामने लाने के लिए कई किताबें लाए हैं।
दुबे के बयानों को लेकर विपक्षी सदस्यों ने हंगामा किया और कुछ सदस्यों को आसन के सामने कागज उछालते हुए भी देखा गया। बताते चलें कि संसद के अंदर हंगामे के अलावा सदन के बाहर भी भारी बवाल देखने को मिला।
राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को गद्दार कहा, तो बिट्टू ने उन्हें भी सड़क का गुंडा कह दिया. इधर राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भारी प्रदर्शन किया। दिल्ली से पंजाब तक बीजेपी कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और राहुल गांधी से माफी की मांग की।
