बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय: पूर्व मध्य रेल का दानापुर मंडल उचित टिकट/प्राधिकार के साथ यात्रा करने वाले रेल यात्रियों की सुविधा को लेकर निरंतर सजग व कार्यरत रहता है। इस संबंध में बिना टिकट/उचित प्राधिकार के रेल यात्रा करने के विरुद्ध दानापुर मंडल में निरंतर टिकट चेकिंग कार्य सघनतापूर्वक कराया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 11.05.2026 (सोमवार) को अभिनव सिद्धार्थ (वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक दानापुर) के निर्देश पर बख्तियारपुर स्टेशन पर वाणिज्य विभाग एवं आरपीएफ की एक विशेष टिकट चेकिंग टीम बनाकर सघन टिकट जाँच अभियान चलाया गया। इस विशेष टिकट चेकिंग अभियान के दौरान बख्तियारपुर स्टेशन से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों 12391/92 (श्रमजीवी एक्सप्रेस), 15946 ( डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस), 15713 ( कटिहार पटना इंटरसिटी), 13234(दानापुर-कोडरमा एक्सप्रेस), 18622(पाटलिपुत्र एक्सप्रेस) तथा इस मार्ग से गुजरने वाली अन्य पैसेंजर ट्रेनों का बख्तियारपुर स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव लेकर सघन टिकट जाँच अभियान चलाया गया, जिसमें कुल मिलाकर 364 अनियमित/बिना प्राधिकार वाले यात्रियों से जुर्माने के रूप में लगभग 02 लाख रुपए का रेल राजस्व अर्जित किया गया । इस विशेष टिकट चेकिंग अभियान के परिणामस्वरूप बख्तियारपुर स्टेशन के टिकट काउंटर पर यात्रियों की बढी हुई भीड़ देखी गई और यात्री उचित टिकट लेकर रेल यात्रा करने के प्रति जागरूक हुए हैं ।
कहते हैं अधिकारी
“दानापुर मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे सदैव वैध टिकट लेकर उचित श्रेणी में हीं यात्रा करें तथा भारतीय रेल की सेवाओं का लाभ उठाएं।” – अभिनव सिद्धार्थ (वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक)।
