क्राइम मीटिंग में एसपी की दो टूक, अपराध नियंत्रण पर रहें सजग, आगामी पर्व त्योहारों एवं संवेदनशील क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरतने का भी निर्देश

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : मंगलवार यानी 8 सितंबर 2026 को नालंदा के पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने क्राइम मीटिंग का आयोजन किया। इस अपराध गोष्ठी में जिले के सभी पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे। क्राइम मीटिंग को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आगामी पर्व त्योहारों एवं जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। इसके अलावा अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की बात एसपी ने कही।

अपने संबोधन में जिले के सभी थानाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि अपने-अपने थाना क्षेत्र के वैसे स्थान को रेखांकित करें, जहां सुखा नशा का कारोबार होने की प्रबल संभावना बनी रहती है। उन स्थानों पर खुफिया तरीके से पहनी नजर रखते हुए नशे के कारोबारी के खिलाफ विशेष अभियान चलाएं। इसके अलावा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र पर विशेष ध्यान देते हुए वाहन चेकिंग अभियान को सुचारू ढंग से चलाते रहें।

बैठक में जिले में अपराध की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, वांछित,फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पारंपरिक पेट्रोलिंग सिस्टम के तहत ही पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाए। उन्होंने लंबित कांडों की समीक्षा की एवं संबंधित कांड में फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी को लेकर विशेष दिशा निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि क्राइम कंट्रोल को लेकर Preventive Policing अति आवश्यक है। यहां बता दें कि नए पुलिस कप्तान हृदयकांत के निर्देश पर नालंदा जिला को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक दिन देर रात्रि नालंदा पुलिस मादक पदार्थों के कारोबार एवं सेवन के विरुद्ध व्यापक छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान संदिग्ध स्थान पर तथा मादक पदार्थों के तस्करी में शामिल संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सघन छापेमारी की जा रही है। एसपी ने बताया कि नालंदा पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के कारोबार पर पूर्णता अंकुश लगाने तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसी अभियान के तहत मंगलवार को नगरनौसा थाना पुलिस द्वारा 7 केजी से अधिक गांजे की बारामदगी की गई।