नालंदा: पानी निकासी व बंटवारे के विवाद में मारपीट, 2 घायल; डायल-112 के पुलिसकर्मी पर लगे गंभीर आरोप

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : अस्थावां थाना क्षेत्र के माफी गांव में बुधवार को पानी निकासी और पारिवारिक बंटवारे के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दो लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं, डायल-112 के एक पुलिसकर्मी पर भी विवाद के दौरान पक्षपात करने और हमलावरों को उकसाने का आरोप लगाया गया है।

घायलों रहमत आलम और मोहम्मद राशिद आलम ने बताया कि उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उनका आरोप है कि घटना के समय डायल-112 में तैनात एएसआई नाजिश सिविल ड्रेस में मौके पर मौजूद थे। पीड़ितों का कहना है कि पुलिस का काम विवाद शांत कराना और लोगों की सुरक्षा करना है, लेकिन पुलिसकर्मी ने मारपीट रोकने के बजाय हमलावरों को उकसाया।

इधर, अस्थावां थानाध्यक्ष सत्यम कुमार ने बताया कि यह विवाद दो अलग-अलग गुटों के बीच नहीं, बल्कि पट्टीदारों (गोतिया) के बीच संपत्ति के बंटवारे और पानी निकासी को लेकर हुआ है। इस मामले में सलाउद्दीन कुरैशी और जहांआरा की ओर से आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

डायल-112 के पुलिसकर्मी पर लगे आरोपों के संबंध में थानाध्यक्ष ने कहा कि संबंधित पुलिसकर्मी मौके पर गया था, लेकिन उसकी सबसे बड़ी गलती यह रही कि वह ड्यूटी के दौरान सिविल ड्रेस में वहां पहुंचा।

उन्होंने कहा कि ड्यूटी के समय सादे लिबास में रहना नियमों का उल्लंघन है और इस लापरवाही के लिए संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।