बिक्रमगंज उपकारा का डीएम ने किया निरीक्षण, क्रेच निर्माण समय पर पूरा करने का निर्देश

सासाराम

बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा; स्वच्छता पर जताया संतोष

सासाराम /अरविन्द कुमार सिंह। जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने सोमवार, को उपकारा, बिक्रमगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था और सुधारात्मक कार्यक्रमों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला बंदियों के बच्चों के लिए निर्माणाधीन शिशु देखभाल केंद्र (क्रेच) का काम निर्धारित समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में डीएम ने बंदी खंडों, कारा अस्पताल, पाकशाला, स्मार्ट क्लास, जेल रेडियो, पुस्तकालय और महिला खंड का अवलोकन किया। उन्होंने इन स्थानों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और कारा प्रशासन की ओर से संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान जेल अधीक्षक मो. तारिक अनवर ने डीएम को कारा में सुरक्षा प्रबंधों, बंदियों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बंदियों के लिए संचालित सुधारात्मक गतिविधियों से भी अवगत कराया।

निरीक्षण के बाद डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने कारा प्रबंधन की सराहना की। उन्होंने उपकारा में उपलब्ध व्यवस्थाओं को सुदृढ़ और संतोषजनक बताया। साथ ही, परिसर की स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर संतोष व्यक्त किया और मौजूदा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। डीएम ने महिला खंड में रह रही महिला बंदियों के बच्चों की देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया।

उन्होंने बच्चों के लिए प्रस्तावित क्रेच का निर्माण कार्य समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें सुरक्षित वातावरण में आवश्यक देखभाल की सुविधा मिल सके। जिला पदाधिकारी ने कारा में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बनाए रखने के साथ उनमें निरंतर सुधार करने पर बल दिया।