सासाराम मे दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

सासाराम

सासाराम /अरविन्द कुमार सिंह जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षात्मक बैठक मंगलवार को डीआरडीए सभागार में काराकाट सांसद सह दिशा अध्यक्ष राजा राम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सासाराम सांसद मनोज कुमार, विधान परिषद सदस्य अशोक कुमार पाण्डेय, दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह, करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह, नोखा विधायक नागेंद्र चन्द्रवंशी, डेहरी विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत में जिला पदाधिकारी रोहतास द्वारा जनप्रतिनिधियों का पौधा देकर स्वागत किया गया। इसके बाद अध्यक्ष की अनुमति से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। जिला परिवहन पदाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु के बाद मिलने वाले मुआवजे की स्थिति तथा जिले में यातायात प्रबंधन को लेकर किए गए कार्यों की जानकारी दी।

इसके बाद 22 अप्रैल 2026 को आयोजित दिशा की बैठक की कार्यवाही के अनुपालन की समीक्षा की गई। विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ग्रामीण सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल, सिंचाई, लघु सिंचाई परियोजनाओं और पीएचईडी के जल प्रबंधन सहित विभिन्न विकास योजनाओं पर विशेष रूप से चर्चा हुई। अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया गया।

सांसद राजा राम सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा मोबाइल फोन या अन्य माध्यम से किसी समस्या की जानकारी दिए जाने पर तत्काल संज्ञान लेकर उसका समाधान सुनिश्चित करें। कार्रवाई की जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधि को भी देने तथा आवश्यकता पड़ने पर विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने को कहा।

बैठक के अंत में जिला प्रशासन की ओर से सांसद सह दिशा अध्यक्ष राजा राम सिंह सहित सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अध्यक्ष की अनुमति से बैठक की कार्यवाही समाप्त की गई।