Bihar MLC Election: शांतिपूर्ण तरीके से खत्म हुआ मतदान, 27 अक्टूबर को होगी काउंटिंग

पटना

बीपी डेस्क। विधान परिषद की स्नातक की चार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर शुक्रवार को वोटिंग हुई. पटना, सारण, तिरहुत और दरभंगा स्नातक सीट के लिए 474 मतदान केंद्रों पर कुल 43.87% वोटर्स ने वोट डाले. जबकि शिक्षक निर्वाचन की चार सीटों पटना, तिरहुत, सारण और दरभंगा के 335 मतदान केंद्रों पर 74.55% वोटर्स ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. वोटिंग के दौरान निर्वाचन विभाग के कंट्रोल रूम में कुल 13 शिकायतें दर्ज की गयीं, जिनका समय पर निपटारा किया गया.

निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रशासन की मुस्तैदी से पूरे राज्य में मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण ढंग से खत्म हुआ. चुनाव आयोग ने देर शाम कहा कि सभी निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ. कड़ी सुरक्षा के बीच बैलेट बाक्स को स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया गया. 27 अक्टूबर को मतों की गिनती होगी और दोपहर बाद चुनाव परिणाम का रूझान आने लगेगा.

वहीं दूसरी तरफ, मतदान खत्म होने के बाद सभी दलों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए. आठ सीटों पर हुए इस चुनाव के लिए मैदान में 150 उम्मीदवार खड़े थे. कोसी के स्नातकों और सारण के शिक्षकों ने सबसे ज्यादा वोट किए. जबकि दोनों में पटना सबसे पीछे रहा.

कहां-कितनी हुई वोटिंग?

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र सारण- 87.16%

दरभंगा- 79.00%

तिरहुत- 78.10%

पटना- 56.89%

कुल- 74.55%

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र

कोसी- 52.51%

तिरहुत- 42.15%

दरभंगा- 42.00%

पटना- 36.19%

कुल- 43.87%

बता दें कि चुनाव के दौरान 13 शिकायतें मिलीं. इसमें सबसे अधिक पोस्टर-बैनर लगाकर वोटरों को भ्रमित करने से संबंधित शिकायतें आयीं. इसके अलावे चुनाव में देरी होने के साथ लंबी लाइन में कोई व्यवस्था नहीं होने की शिकायतें आयीं.