नालंदा: समरसता संकल्प सम्मेलन, संत रविदास के संदेशों के साथ 650वीं जयंती वर्ष का आयोजन

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भाजपा नालंदा जिला की ओर से जिला कार्यालय, मेहनौर में समरसता संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने की, जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

सम्मेलन की शुरुआत गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। इस दौरान उनके जन्मस्थल से लाई गई पवित्र मिट्टी से भरे कलश को नमन किया गया। जिलाध्यक्ष ने सभी मंडल अध्यक्षों को कलश सौंपते हुए निर्देश दिया कि इसे जिले के प्रमुख मठ-मंदिरों तक ले जाकर सभी जाति-वर्गों की सहभागिता से पूजा-अर्चना की जाए।

साथ ही मंदिरों के समीप संत रविदास जी के नाम पर जीवनदायी वृक्षों का पौधारोपण करने का आह्वान किया गया। मुख्य अतिथि अनामिका पासवान ने कहा कि गुरु रविदास जी ने मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

उनके विचार जाति-पाति से ऊपर उठकर समानता की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में गुरु रविदास जी के दोहों के माध्यम से सामाजिक समरसता और स्वच्छता का संदेश दिया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा—“मन चंगा तो कठौती में गंगा” और “जात-पात पूछे ना कोई, हरि को भजै सो हरि का होई।”