नालंदा: ट्रैक्टर की टक्कर से साइकिल सवार दो मासूमों की मौत, ग्रामीणों ने तीन घंटे तक सड़क जाम किया

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : मानपुर थाना क्षेत्र के सिंधु गांव के पास शुक्रवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल से ट्यूशन पढ़ने जा रहे दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पहले उनकी साइकिल में टक्कर मारी और सड़क पर गिरने के बाद दोनों बच्चों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।

मृतकों की पहचान विशुनपुर गांव निवासी रामभजन चौहान के आठ वर्षीय पुत्र ऋषिकेश कुमार तथा सिंगथु गांव निवासी रंजीत चौहान के छह वर्षीय पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि ऋषिकेश इन दिनों अपने ननिहाल सिंगथु टाड़ापर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार को वह अपने दोस्त पंकज के साथ एक ही साइकिल पर सवार होकर अपने मामा गौतम कुमार के पास ट्यूशन पढ़ने जा रहा था। इसी दौरान सिंधु गांव के समीप यह हादसा हो गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे। दोनों बच्चों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे तथा दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शाम करीब चार बजे से सात बजे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक फरार है। सदर एसडीपीओ अमरनाथ ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है तथा फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।