नालंदा : अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बचना मुश्किल, नालंदा समेत राज्यभर में लागू होगा स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय: राज्य की सड़कों पर अब यातायात नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं होगी। सड़क हादसों पर लगाम लगाने और ट्रैफिक व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए परिवहन विभाग जल्द ही इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लागू करने जा रहा है। इस अत्याधुनिक व्यवस्था के तहत प्रमुख सड़कों, भीड़भाड़ वाले मार्गों और दुर्घटना संभावित चौराहों पर एआई तकनीक से लैस स्मार्ट कैमरे लगाए जाएंगे, जो हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे।

नालंदा जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि राज्य परिवहन आयुक्त के निर्देश पर जिले में ऐसे स्थानों की पहचान की जा रही है, जहां सड़क हादसे अधिक होते हैं। इन ब्लैक स्पॉट्स के साथ-साथ उन प्रमुख मार्गों की सूची भी तैयार की जा रही है, जहां वाहनों का दबाव काफी अधिक रहता है और यातायात नियमों के उल्लंघन की घटनाएं लगातार सामने आती हैं।

उन्होंने बताया कि आईटीएमएस लागू होने के बाद यातायात व्यवस्था पूरी तरह तकनीक आधारित हो जाएगी। चिह्नित स्थलों पर लगाए जाने वाले हाईटेक सीसीटीवी कैमरे वाहनों की गति, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगे। इतना ही नहीं, ये कैमरे वाहन चालकों के चेहरे की पहचान करने में भी सक्षम होंगे, जिससे दुर्घटना या अपराध की स्थिति में आरोपी तक पहुंचना आसान हो जाएगा।

नई व्यवस्था की सबसे खास बात यह है कि इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके जरिए स्वतः ई-चालान कटेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई संभव होगी। इससे सड़क पर मौजूद हुए बिना भी यातायात पुलिस लापरवाह चालकों और नियम उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण रख सकेगी।

परिवहन विभाग का मानना है कि इस स्मार्ट सिस्टम के लागू होने से न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि ट्रैफिक प्रबंधन भी पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगा। आने वाले दिनों में यह व्यवस्था सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।