बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर की सरकारी कार्यालयों की चारदीवारियां इन दिनों रंग-बिरंगी कलाकृतियों से सज रही हैं। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं समूह में पहुंचकर दीवारों पर ऐसी आकर्षक तस्वीरें उकेर रहे हैं, जिन्हें देखकर राहगीर भी कुछ पल ठहरने को मजबूर हो जा रहे हैं। रंग और कूची के जरिए विद्यार्थी अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ गंभीर सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता का संदेश भी दे रहे हैं।

शहर के अलग-अलग सरकारी कार्यालयों की चारदीवारी पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें विद्यार्थी अपनी कल्पना और कला के माध्यम से समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को चित्रों के जरिए प्रस्तुत कर रहे हैं। कहीं पर्यावरण संरक्षण, तो कहीं शराबबंदी और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी कलाकृतियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं।
छात्रों की पेंटिंग में शिक्षा, बालिकाओं के प्रति हिंसा, महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा और मानव तस्करी जैसे गंभीर विषय भी प्रमुखता से दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों के जरिए समाज को यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि जागरूकता के साथ सामूहिक प्रयास से ही इन सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाया जा सकता है।
सुबह से ही छात्र-छात्राएं अपने समूह के साथ निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर दीवारों को कैनवास का रूप दे रहे हैं। कोई ब्रश से तस्वीरों को आकार दे रहा है तो कोई आकर्षक स्लोगन लिखकर संदेश को प्रभावी बना रहा है। रास्ते से गुजरने वाले लोग भी रुककर कलाकृतियां देख रहे हैं और विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना कर रहे हैं।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। उत्कृष्ट कलाकृतियां बनाने वाले विद्यार्थियों को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इसे लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह है। स्वतंत्रता दिवस से पहले दीवारों पर उभरती ये तस्वीरें शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को पर्यावरण, शिक्षा, महिला सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दे रही हैं।
