एथलीटों के लिए सुनहरा मौका : 15–17 मई तक सासाराम में जिला एथलेटिक्स मीट 2026

सासाराम

सासाराम, अरविंद कुमार सिंह। रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में “डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक्स मीट 2026” का आयोजन 15 से 17 मई तक जिला मुख्यालय सासाराम में किया जाएगा। यह जानकारी संघ के सचिव विनय कृष्ण ने दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के अंडर-12, अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20 एवं ओपन वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी भाग ले सकते हैं।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए निबंधन अनिवार्य है, जिसकी अंतिम तिथि 13 मई निर्धारित की गई है। निबंधन शुल्क मात्र 100 रुपये प्रति खिलाड़ी प्रति स्पर्धा होगा, जबकि प्रतिभागी एक आयु वर्ग में अधिकतम दो स्पर्धाओं में हिस्सा ले सकेंगे।

यह निर्णय संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक के बाद अध्यक्ष ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय एवं महाविद्यालय के साथ-साथ स्वतंत्र खिलाड़ी भी भाग ले सकते हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को संघ की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।

साथ ही चयनित खिलाड़ियों को जून 2026 में पटना में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। संघ के अध्यक्ष ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए संघ प्रतिबद्ध है और भविष्य में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।

प्रतियोगिता में 60 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 600 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर एवं 3000 मीटर दौड़ के अलावा ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक जैसी स्पर्धाएं आयोजित होंगी।

निबंधन/एंट्री फॉर्म एवं अन्य जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी व्हाट्सएप नंबर 7488790043, 8757082396, 7739464707 एवं 7050552713 पर संपर्क कर सकते हैं। बैठक में प्रमुख रूप से कुश कुमार त्रिपाठी, सत्येंद्र कुमार, राकेश कुमार राय, उपेंद्र कुमार, अंतिम राज, रानू कुमार सिंह, राणा प्रताप सिंह, प्रियंका कुमारी, नैंसी कुमारी एवं अभिषेक कुमार उपस्थित रहे।