Biharsharif/ Avinash pandey। हरनौत थाना क्षेत्र के पोरई गांव में मंगलवार की देर रात गली में बाइक खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हत्या की वारदात में बदल गया। विवाद सुलझाने के दौरान पड़ोस के एक युवक ने 47 वर्षीय ट्रैक्टर चालक सुनील कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पोरई गांव निवासी जगदीश महतो के पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के टोले की संकरी गली में दो अज्ञात बाइक लावारिस हालत में खड़ी थीं। स्थानीय महिलाओं ने बाइक मालिकों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद वार्ड पार्षद को सूचना दी गई और डायल 112 पुलिस को भी फोन किया गया। इसी बीच पड़ोस में रहने वाले दो भाई सौरभ कुमार और गौरव मौके पर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि गली में खड़ी बाइक उनके रिश्तेदारों की हैं।
समझौते के दौरान चली गोली
मृतक के भाई डेविड कुमार और दादी मालती देवी ने बताया कि बाइक खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया। ग्रामीणों और बुजुर्गों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराने और मामला सुलझाने की कोशिश की। इसी दौरान आरोप है कि सौरभ कुमार अपने घर से हथियार लेकर आया और भीड़ के बीच सुनील कुमार पर गोली चला दी।
गोली सुनील के सिर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
तीन दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे सुनील
परिजनों ने बताया कि सुनील कुमार बाहर रहकर ट्रैक्टर चलाने का काम करते थे। वह महज तीन दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि बाइक खड़ी करने को लेकर हुआ मामूली विवाद उनकी जान ले लेगा। घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
घटना के संबंध में सदर डीएसपी-2 राकेश कुमार रंजन ने बताया कि गली में बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी द्वारा गोलीबारी की गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। परिजनों से लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
