नालंदा : आईजी ने किया राजगीर थाना का निरीक्षण, त्वरित कांड निष्पादन और सक्रिय पुलिसिंग पर जोर

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय। पुलिस महानिरीक्षक, केंद्रीय क्षेत्र, पटना जितेंद्र राणा द्वारा शनिवार को राजगीर थाना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों की स्थिति एवं पुलिसिंग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को कांडों का त्वरित निष्पादन, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और सक्रिय पुलिसिंग पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध तरीके से अनुसंधान पूरा करने तथा दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार गश्ती एवं निगरानी बढ़ाने, आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस महानिरीक्षक ने थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक हृदय कांत सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण को जिले में अपराध नियंत्रण एवं पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।