बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर शुक्रवार को बिहारशरीफ में अनुमंडल प्रशासन, महिला थाना एवं जिला प्रोग्राम कार्यालय की ओर से विद्यालय की बालिकाओं के साथ अनुवर्ती संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम 1 अगस्त को जिला पदाधिकारी नालंदा द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत आयोजित संवाद में दिए गए निर्देशों के आलोक में हुआ।

संवाद के दौरान शहर की बालिकाओं ने शराब सेवन, नशीले पदार्थों की आपूर्ति, छेड़खानी और आने-जाने वाली लड़कियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी जैसी समस्याओं से जुड़े संवेदनशील स्थानों की जानकारी प्रशासन को दी। इनमें धनेश्वर घाट मंदिर व आसपास का क्षेत्र, खंदक पर, डोमिनोज के बगल वाली गली, गढ़ पर सर्कस मैदान, नवाब रोड स्थित शंकर मंदिर के पास, नई सराय, रामचंद्रपुर बस स्टैंड की गली, टिकुली पर, सर्वोदय नगर के आसपास तथा एब्म एसएस बालिका उच्च विद्यालय के गेट के सामने का क्षेत्र शामिल हैं।
10 दिनों में होगी प्रगति की समीक्षा
अनुमंडल पदाधिकारी, बिहारशरीफ ने बालिकाओं को पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन देते हुए चिन्हित स्थानों पर कड़ी प्रशासनिक एवं पुलिस कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों के भीतर फिर संवाद कार्यक्रम आयोजित कर कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में चिन्हित स्थानों पर ‘रोको और टोको’ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। अनावश्यक रूप से भीड़ लगाकर खड़े लोगों को रोककर पूछताछ की जाएगी, ताकि असामाजिक तत्वों में कानून का भय कायम हो।
AI के जरिए फोटो एडिट कर ब्लैकमेलिंग पर भी नजर
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने कहा कि 112, 181 और 1098 पर मिलने वाली शिकायतों, संवेदनशील स्थानों पर 112 की तैनाती तथा दोषियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी व्यापक स्तर पर मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित की जाएगी।
साथ ही, व्यक्तिगत फोटो, सेल्फी या रील को AI के माध्यम से एडिट कर बालिकाओं को ब्लैकमेल करने जैसी घटनाओं की रोकथाम पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य अपराधियों का मनोबल तोड़ना और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना है। जिला प्रशासन ने कहा कि बिहारशरीफ की बालिकाओं के लिए सुरक्षित, भयमुक्त और सहज वातावरण तैयार करने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
