नालंदा में 62 मवेशियों से लदा कंटेनर पकड़ा गया, चालक-खलासी गिरफ्तार

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा के सोहसराय थाना क्षेत्र में बजरंग दल और गौ सेवा दल के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस ने 62 मवेशियों से लदे एक कंटेनर को जब्त कर चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई ताराचंद होटल के पास ओवरब्रिज पर की गई। बजरंग दल के कार्यकर्ता विक्की सिंह हिंदू ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि रामचंद्रपुर की ओर से एक संदिग्ध कंटेनर मवेशियों को लेकर गुजर रहा है।

सूचना मिलते ही कार्यकर्ताओं ने वाहन का पीछा किया और ताराचंद होटल के समीप उसे रोक लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कंटेनर में 62 मवेशियों को अत्यधिक भीड़भाड़ की स्थिति में रखा गया था, जिससे उन्हें खड़े होने या बैठने तक की पर्याप्त जगह नहीं थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर पूरे नेटवर्क और इसके कथित सरगनाओं तक कार्रवाई की मांग की है।

इस कार्रवाई में गौ सेवा दल और बजरंग दल के कार्यकर्ता अभिषेक रौशन उर्फ वीरा, लव कुमार, प्रिंस, जेरी, शांतनु कुमार, मोहित कुमार, आयुष पांडे और विशाल सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे। सोहसराय थानाध्यक्ष ने बताया कि लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद कंटेनर को जब्त कर लिया गया है।

चालक और खलासी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वाहन का मालिक कौन है तथा इस कथित अवैध तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।