बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नालंदा में बुधवार को ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। समाहरणालय से श्रम कल्याण केंद्र मैदान तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी, उप विकास आयुक्त और नगर आयुक्त के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और आम लोग शामिल हुए।

इस दौरान जिलाधिकारी उदिता सिंह ने नागरिकों से भारतीय ध्वज संहिता का पालन करते हुए पूरे सम्मान और गरिमा के साथ अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ से जुड़ने का आग्रह करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा अपनाकर लोग बिजली बिल में बचत करने के साथ ऊर्जा उत्पादन में भी योगदान दे सकते हैं।
डीएम ने बढ़ते साइबर अपराध को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति से ओटीपी, बैंक खाता, पिन या आधार संबंधी जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। छात्राओं से होने वाली ईव-टीजिंग की घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की गई।
एसपी भारत सोनी ने कहा कि साइबर सुरक्षा और सौर ऊर्जा प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। आज मोबाइल जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है, इसलिए इसके इस्तेमाल में विशेष सावधानी जरूरी है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सजगता देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
24 विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान
‘हर घर तिरंगा-2026’ के तहत बिहार शिक्षा परियोजना द्वारा आयोजित रंगोली, वाद-विवाद, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं में कक्षा 6 से 8 तथा 9 से 12 वर्ग के कुल 24 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
रंगोली में मानवी कुमारी, राधा कुमारी, चांदनी कुमारी, सुमन कुमारी, मुस्कान भारती और मनाहिल अलिजा सफल रहीं। वाद-विवाद में हेराम कुमार, आयुष कुमार, साक्षी कुमारी, प्रिया भारती, सृष्टि कुमारी और आकृति कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
निबंध प्रतियोगिता में स्वाति कुमारी, शिवानी कुमारी, अनुप्रिया, धीरज कुमार, कोमल कुमारी और नव्या कुमारी तथा चित्रकला में माही कुमारी, आरूषी, ब्यूटी कुमारी, प्रेम कुमार, करीना कुमारी और रजनी कुमारी का चयन हुआ।
अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों, लाभार्थियों, उपभोक्ताओं, बैंक अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों व वेंडरों को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी कर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने की अपील की।
