16.43 लाख नकद, 450 ग्राम सोना, सात किलो चांदी, डायमंड-प्लेटिनम के जेवर, दो देसी पिस्तौल और 16 कारतूस बरामद
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहार के नालंदा जिले का चर्चित 125 करोड़ की डकैती का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस की इस सुपरहिट कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस मामले में झारखंड राज्य के जामताड़ा से चार अभियुक्त की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से 16.43 लाख नकद, 450 ग्राम सोना, सात किलो चांदी, डायमंड-प्लेटिनम के जेवर, दो देसी पिस्तौल और 16 कारतूस बरामद किया है।

गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने यह जानकारी दी। बताया कि दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय मोहल्ले में खाद व्यवसायी राजीव रंजन के घर हुई करीब 1.25 करोड़ रुपये की डकैती का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में चार की गिरफ्तारी की गई है।
उनकी निशानदेही पर लूटी गई संपत्ति का बड़ा हिस्सा बरामद किया गया है। पुलिस ने 16.43 लाख रुपये नकद, करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग सात किलोग्राम चांदी के जेवर, डायमंड एवं प्लेटिनम के आभूषण, दो देसी पिस्तौल, 16 कारतूस और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए बिहार और झारखंड में लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बताया कि तीन अगस्त की रात करीब एक बजे 10 से 12 हथियारबंद अपराधियों ने देवीसराय निवासी खाद व्यवसायी राजीव रंजन के घर धावा बोल दिया था। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर मारपीट की और नकदी, सोने-चांदी के जेवर समेत अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद गठित विशेष जांच टीम ने वैज्ञानिक, तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर अपराधियों तक पहुंच बनाई। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित जुम्मन मोड़ के पास छापेमारी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी ने डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर लूटी गई संपत्ति और घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए।
बरामद सामान में 16.43 लाख रुपये नकद, करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग सात किलोग्राम चांदी के जेवर, डायमंड एवं प्लेटिनम के आभूषण, चांदी के दो हाथी, एक चांदी की ईंट, लड्डू गोपाल की चांदी की प्रतिमा, दो देसी पिस्तौल, 16 कारतूस तथा दो मोबाइल फोन शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के श्यामनगर निवासी अजीत सिंह, संजीव सिंह, विट्टू कुमार और आदित्य कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार डकैती में कुल 10 से 12 अपराधी शामिल थे। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर अन्य फरार बदमाशों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी और शेष लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी टीम में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 अमरनाथ, दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार, जिला आसूचना इकाई प्रभारी आलोक कुमार, बिहार थानाध्यक्ष सम्राट दीपक, लहेरी थानाध्यक्ष रणजीत कुमार रजक, जिला आसूचना इकाई के चंदन कुमार सहित दीपनगर, बिहार, लहेरी थाना और जिला आसूचना इकाई के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
