फल-सब्जी लोड करने के दौरान हुआ हादसा, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय। रामचंद्रपुर स्थित बाजार समिति में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक 11 हजार वोल्ट की बिजली तार टूटकर एक पिकअप वाहन पर गिर गई। हादसे में वाहन पर फल-सब्जी लोड कर रहे एक व्यक्ति करंट की चपेट में आकर झुलस गए। घायल की पहचान रहुई थाना क्षेत्र के पुन्हा गांव निवासी शिवकुमार मालाकार के रूप में हुई है।
हादसे के बाद बाजार समिति में मौजूद लोगों और वाहन चालक ने तत्परता दिखाते हुए शिवकुमार को करंट की चपेट से अलग किया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल ठीक है।
बताया जाता है कि शिवकुमार रोज की तरह अपने साथियों के साथ पिकअप से फल-सब्जी खरीदने बाजार समिति पहुंचे थे। खरीदारी के बाद वे वाहन पर सामान लोड कर रहे थे, तभी ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की तार अचानक टूटकर वाहन पर गिर गई। शिवकुमार रहुई बाजार में फल-सब्जी का खुदरा कारोबार करते हैं और बाजार समिति से सामान खरीदकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
