नालंदा: पुलिस ने 24 घंटे में सुलझा दिया बाइक लूटकांड मामला, 5 गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : यह खबर नालंदा से है। नूरसराय थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपाची मोटरसाइकिल लूटकांड का महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। साथ ही लूटी गई अपाची मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पर्स भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार 27 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे नूरसराय थाना क्षेत्र के ननौरा गांव स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप चार अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति से अपाची मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

पीड़ित के फर्दबयान के आधार पर नूरसराय थाना कांड संख्या-419/26, दिनांक 28 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। तकनीकी, वैज्ञानिक एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई अपाची मोटरसाइकिल, एक स्मार्ट मोबाइल फोन और नीले रंग का पर्स बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में विकास कुमार (19), पिता- शिवकुमार यादव, निवासी अतवलचक, थाना थरथरी, रोहित कुमार (19), पिता- सुभाष यादव, निवासी बड़ी देवी स्थान, थाना नूरसराय, साहिल कुमार (21), पिता- हरेंद्र पासवान, थाना नूरसराय, रविश कुमार उर्फ भेटारी (18), पिता- श्याम किशोर यादव, निवासी अतवलचक, थाना थरथरी, नीरज कुमार (19), पिता- अलिंद्र रविदास, निवासी बड़ी देवी स्थान, थाना नूरसराय शामिल है। इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि विधि-विरुद्ध बालक को किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित रविश कुमार, रोहित कुमार एवं विकास कुमार के विरुद्ध नूरसराय, थरथरी और चंडी थाना में चोरी, लूट एवं आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, सभ्या कुमारी, धीरज कुमार पुरी, मुन्ना कुमार, रमेश पासवान, सुमन सौरभ, रौशन कुमार, सत्य प्रकाश पाल तथा नूरसराय थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।