बिहारशरीफ की बाढ़ और जलजमाव समस्या सदन में गूंजी, पंचाने नदी की गाद सफाई और रिवर फ्रंट विस्तार का मिला आश्वासन

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने शहर की वर्षों पुरानी बाढ़ और जलजमाव की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पंचाने नदी में वर्षों से जमी गाद के कारण बरसात के दौरान जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है, जिससे शहर के कई मोहल्लों में बाढ़ और जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

डॉ. सुनील कुमार ने सरकार से देवीसराय से सोहसराय होते हुए रहुई तक पंचाने नदी की व्यापक गाद सफाई कराने की मांग की, ताकि बिहारशरीफ के लोगों को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके। उन्होंने कोसुक में निर्माणाधीन रिवर फ्रंट परियोजना का विस्तार बिहारशरीफ, सोहसराय होते हुए बबूरबन्ना मोहल्ला तक किए जाने की भी मांग रखी।

उनका कहना था कि इससे नदी संरक्षण और सौंदर्यीकरण के साथ-साथ शहर के विकास, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को भी नई दिशा मिलेगी। सदन में इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन विभाग की ओर से मामले को नगर विकास एवं आवास विभाग को स्थानांतरित करने की सहमति दी गई।

वहीं, नगर विकास एवं आवास मंत्री ने आश्वासन दिया कि रिवर फ्रंट परियोजना के विस्तार के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) शीघ्र तैयार कराया जाएगा, ताकि परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री ने सदन में यह भी भरोसा दिलाया कि पंचाने नदी की गाद सफाई और रिवर फ्रंट परियोजना के विस्तार की दिशा में आवश्यक कार्रवाई जल्द सुनिश्चित की जाएगी।

सकारात्मक आश्वासन मिलने पर विधायक डॉ. सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहारशरीफ के समग्र विकास, आम नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के समाधान और जनहित के हर मुद्दे को सदन में मजबूती से उठाना उनका संकल्प है, जिसे आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।