नालंदा: चलती ऑटो में यात्री से ₹22 हजार की छिनतई, विरोध करने पर सड़क पर फेंका

नालंदा बिहारशरीफ

मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक बिहारशरीफ रेफर, भागन बीघा थाना पुलिस जांच में जुटी

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : रहुई प्रखंड के भागन बीघा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े चलती सीएनजी ऑटो में एक यात्री से ₹22 हजार की छिनतई कर सनसनी फैला दी। विरोध करने पर बदमाशों ने यात्री के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे चलती ऑटो से सड़क पर धक्का देकर फरार हो गए। घटना एसएच-78 पर धमासंग गांव के समीप हुई। घायल का इलाज बिहारशरीफ के मॉडल सदर अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, छोटकी गोवरिया गांव निवासी भूषण पासवान किसी काम से सीएनजी ऑटो से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान ऑटो में पहले से सवार अज्ञात बदमाशों ने उनके पास मौजूद ₹22 हजार नकद छीन लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने उनकी पिटाई की और चलती ऑटो से सड़क पर धक्का दे दिया।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायल भूषण पासवान को पहले एक निजी क्लीनिक पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रहुई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ के मॉडल सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही भागन बीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा बदमाशों की पहचान के लिए छानबीन में जुटी है।

भागन बीघा थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पीड़ित या उनके परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने एसएच-78 पर बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।