Patna, Avinash pandey। शिक्षाविद अरुण कुमार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए नया ऐप लॉन्च किया है। इसके माध्यम से बीपीएससी, यूपीएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी महज 100 रुपये में करने की सुविधा उपलब्ध कराने का दावा किया गया है।
सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरुण कुमार ने बताया कि ऐप पर अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी से संबंधित अध्ययन सामग्री, मार्गदर्शन और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन तैयारी के साथ पटना में ऑफलाइन माध्यम से भी विद्यार्थियों को निशुल्क मार्गदर्शन दिया जा रहा है। गंगा घाट और गांधी मैदान के आसपास प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को अध्ययन एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
अरुण कुमार ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में होने वाला खर्च कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए बड़ी चुनौती है। इसी को ध्यान में रखते हुए कम लागत में अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की पहल की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता मिलेगी।
