मुजफ्फरपुर से होगा ‘खेत बचाओ अभियान ’ का शुभारंभ, विजय सिन्हा बोले- खेत बचेंगे, तभी किसान समृद्ध बनेंगे

पटना

“खेतों के संरक्षण से किसान कल्याण तक”, राज्यभर में चलेगा ‘खेत बचाओ अभियान 2026’

बीपी डेस्क। खेतों के संरक्षण, किसानों की जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग, बिहार सरकार द्वारा ‘खेत बचाओ अभियान 2026 सह कृषि जन कल्याण संवाद कार्यक्रम’ का शुभारंभ मुजफ्फरपुर से किया जाएगा। इस अभियान का शुभारंभ माननीय कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे। इस पहल का उद्देश्य किसानों को खेतों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना, कृषि से जुड़ी समस्याओं पर संवाद स्थापित करना तथा किसानों की सक्रिय भागीदारी से खेतों के संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देना है। इस अभियान का शुभारंभ दिनांक 26 अक्टूबर 2026 (सोमवार) को मुजफ्फरपुर से किया जाएगा।

श्री विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में राज्यभर में वासंतिक (रबी) महाभियान 2026 के अंतर्गत ‘खेत बचाओ अभियान-सह-कृषि जन कल्याण संवाद’ का आयोजन 26 अक्टूबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीकों, सरकारी योजनाओं एवं कृषि संबंधी महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

कृषि मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्राकृतिक खेती, समेकित कीट प्रबंधन, दलहन एवं तिलहन फसलों को बढ़ावा देने, बीज वितरण, फसल विविधीकरण, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा, फार्मर आईडी, डिजिटल एग्रीकल्चर, उर्वरकों के संतुलित उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जल संरक्षण, उद्यानिकी फसलों तथा कृषि यंत्रीकरण जैसे विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य किसानों को जागरूक एवं सशक्त बनाना, कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि करना तथा खेतों के संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को एक ही स्थान पर कृषि की आधुनिक तकनीकों, विभिन्न विभागीय योजनाओं, वित्तीय सहायता, विपणन सुविधाओं एवं नवाचारों की जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी।

श्री सिन्हा ने कहा कि खेतों का संरक्षण कृषि विभाग, किसानों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। खेतों की उर्वरता बनाए रखना, मिट्टी एवं जल का संरक्षण करना और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों से ‘खेत बचाओ अभियान 2026’ में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा खेतों के संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों की जागरूकता, वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों और जनसहयोग से कृषि को अधिक टिकाऊ, लाभकारी एवं समृद्ध बनाया जा सकता है, जिससे बिहार के किसानों की खुशहाली सुनिश्चित हो सकेगी।