बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : ग्रामीण विकास सह सूचना जन संपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने मंगलवार को प्रखंड सभागार में तीन लोगों के बीच मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना का चेक वितरण किया। धोबी टोला निवासी अनिता कुमारी पति-पिन्टू कुमार को 20 हजार, पथरौरा निवासी श्याम सुंदरी देवी पति भुनेश्वर राम को 20 हजार और ठाकुर स्थान निवासी बिन्दु देवी पति ललन मिस्त्री को 20 हजार रुपये का चेक दिया गया। इन सभी के परिवार के सदस्यों की मौत किसी न किसी दुर्घटना में हो गयी थी।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सूबे की सरकार हर वर्ग के लिए काम कर रही है। वहीं आपदा में शिकार होने वाले लोगों के परिवारों को सरकार के द्वारा समय पर मदद के रूप में पैसे दिये जाते हैं। इससे उनको एक सहारा मिलता है। सूबे की सरकार हर वर्ग व समाज के लिए काम कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच थी कि सूबे के गांवों का विकास हो। सरकार द्वारा कराये गये कार्यों का असर अब दिखने लगा है। अब गांव भी शहरों के जैसे स्मार्ट बन गये हैं। मंत्री ने कहा कि सूबे की सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है।
सूबे के हर गांव व कस्बे तक सड़क बनायी गयी है। इससे लोगों को घर से बाजार तक आने जाने में काफी सहूलियत होती है। केन्द्र व राज्य की एनडीए सरकार हर वर्ग के विकास के लिए तेजी से काम कर रही है। आने वाले समय में बिहार और भी विकसीत होगा। मंत्री ने कहा कि राजगीर को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विश्व पटल पर उभारने का काम किया। इसका ही नतीजा है कि आज यहां पर देश के कोने-कोने से ही नहीं बल्कि विदेश से भी लोग पहुंच रहे हैं। पूरे बिहार में पर्यटन स्थलों का विकास किया गया। इसी कारण अब गोवा से भी अधिक पर्यटक बिहार आते हैं।
सूबे में शिक्षा हो चाहे स्वास्थ्य हर क्षेत्र में काफी बदलाव हुआ है। सूबे की महिलाएं जीविका से जुड़कर आत्मनिर्भर बनी हैं। सूबे की सरकार समाज के अंतिम पायदान पर बैठे लोगों के विकास के लिए काम कर रही है। नालंदा विश्वविद्यालय को दोबारा से विकसीत करने का काम किया गया। अब वहां पर कई देशों के छात्र अध्ययन करने को आ रहे हैं। मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महादलितों व दलितों के विकास के लिए काफी काम किया।
उन्होंने उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया। इसका प्रभाव अब देखने को मिलता है। इस मौके पर प्रमुख रानी देवी, जदयू नेता मुन्ना कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष जयराम सिंह, पूर्व नगर अध्यक्ष राकेश कुमार, मीडिया प्रभारी कुमार वेदनिधि, अजय पासवान, जदयू नेता सुबेन्द्र राजवंशी, श्याम नारायण प्रसाद, मनोज कुमार, बीडीओ सहित अन्य मौजूद थे।
