Bihar News : नए राजकीय महाविद्यालयों में शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों के तैनाती की कार्रवाई शुरू

पटना

प्रत्येक कॉलेज में 32 शिक्षक और 12 कर्मियों की होगी तैनाती

बीपी डेस्क। राज्य के डिग्री कॉलेज विहीन प्रखंडों में खोले गए 211 नए राजकीय महाविद्यालयों में शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों की नियुक्ति करने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। इस माह के अंत तक शिक्षकों की नियुक्ति करने की प्रक्रिया पूरी कर लेने की संभावना है। विदित हो कि राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के तहत डिग्री कॉलेज विहीन प्रखंडों में नए महाविद्यालय खोलने का निर्णय लिया गया था। ताकि छात्र-छात्राओं को उनके घर के पास ही उच्च शिक्षा मिल सके।

इसको लेकर राज्य सरकार ने दो दिन पूर्व बिहार के 211 प्रखंडों में नए राजकीय महाविद्यालय में पठन-पाठन का कार्य प्रारंभ कर दिया। इन सभी महाविद्यालयों में प्रथम चरण में 6 विषयों की पढ़ाई शुरू की गई है। राज्य सरकार प्रत्येक नए डिग्री कॉलेज में 1 प्राचार्य, 32 शिक्षक और 12 शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का पद सृजित की है।

शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। उच्च शिक्षा विभाग की माने तो इस माह के अंत तक नियुक्ति की प्रकिया पूरी हो जाने की संभावना है। राज्य के सभी 211 नए डिग्री कॉलेजों में इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध करा दिए गए हैं। सरकार राज्य के विद्यार्थियों को घर के पास ही बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिससे कि छात्र-छात्राओं को पढ़ाई करने के लिए दूर नहीं जाना पड़े और सभी को उच्च शिक्षा मिल सके।