मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट कर जहरीला पदार्थ खिलाने का लगाया आरोप, सास हिरासत में
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान मूरत बिगहा गांव निवासी बब्लू की पत्नी रीना कुमारी (25) के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने और कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खिलाकर रीना की हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने मृतका की सास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि उसका पति बब्लू घर से फरार बताया जा रहा है।
एक साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, रीना कुमारी पटना जिले के धनरूआ थाना क्षेत्र के सोहनीचक गांव की रहने वाली थी। करीब एक वर्ष पहले उसकी शादी मूरत बिगहा निवासी बब्लू के साथ हुई थी। बब्लू मजदूरी करता है। पहले वह काम के सिलसिले में बाहर रहता था, लेकिन पिछले करीब दो महीने से गांव में रहकर मजदूरी कर रहा था।
मृतका के बहनोई कुनकुनी यादव ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही रीना को दहेज और घरेलू कामकाज को लेकर ससुराल में परेशान किया जा रहा था। उनके अनुसार, रीना के साथ कई बार मारपीट भी की गई थी। बुधवार को भी घर में विवाद होने की बात सामने आई है।
दोपहर तक ठीक थी रीना, शाम में मिली मौत की खबर
परिजनों ने बताया कि बुधवार दोपहर तक रीना बिल्कुल ठीक थी। उसकी अपने मायके के लोगों से बातचीत भी हुई थी। रीना की मां भी घटना से पहले उसके ससुराल जाकर उससे मिलकर वापस लौटी थी। इसके कुछ घंटे बाद शाम करीब पांच बजे मायके वालों को अचानक रीना की मौत की सूचना मिली।
मृतका के दादा विजय ने आरोप लगाया कि घटना के बाद ससुराल वालों ने सीधे मायके पक्ष को जानकारी नहीं दी। सबसे पहले गुड़ली स्थित रीना की मौसी को फोन कर घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद अन्य रिश्तेदारों के माध्यम से मायके वालों को सूचना मिली। खबर मिलते ही परिजन आनन-फानन में मूरत बिगहा पहुंचे।
परिजनों के पहुंचने से पहले पति फरार
मायके वालों के पहुंचने से पहले ही मृतका का पति बब्लू घर से फरार हो गया था। घर पर उसकी मां मौजूद थी। मायके पक्ष ने आशंका जताई है कि रीना के साथ मारपीट करने के बाद उसे जबरन कोई जहरीला पदार्थ खिलाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने के बाद हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है या किसी अन्य कारण से, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने मामले में मृतका की सास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, फरार पति बब्लू की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
