नालंदा:अपहरण कांड का 14 घंटे में खुलासा, अपहृत युवक बरामद; दो गिरफ्तार

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा पुलिस ने अपहरण के एक मामले का महज 14 घंटे के अंदर सफल उद्भेदन करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने दो अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को परवलपुर थाना क्षेत्र के दादुपुर निवासी पूनम देवी (19 वर्ष) ने अपने पति को बंधक बनाकर पैसे की मांग किए जाने का आरोप लगाते हुए परवलपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में परवलपुर थाना कांड दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई शुरू की।

पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए करीब 14 घंटे के अंदर अपहृत छोटु कुमार (20 वर्ष), पिता कैलाश रविदास, निवासी दादुपुर को बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने शशिशेखर कुमार उर्फ सिन्टु (35 वर्ष), निवासी सिकंदरपुर, बिहटा, पटना तथा दीपु कुमार (25 वर्ष), निवासी रामनगर, बिहटा, पटना को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में अग्रसारित किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। छापेमारी दल में परवलपुर थानाध्यक्ष पुअनि रौशन कुमार, पुअनि श्याम बाबू, सअनि मनोज कुमार एवं थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे।